03 September 2025 Haryana News || हरियाणा की ताजा खबरें || Haryana Live News || Saugat News Haryana
03 September 2025 की हरियाणा कि महत्वपूर्ण खबरें सौगात न्यूज़ पर , सौगात न्यूज़ सबसे पहले
सौगात न्यूज़ हरियाणा में आपका स्वागत है!
आज के समाचार बुलेटिन में हम 03 सितम्बर 2025 की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं को कवर करते हैं।
पंचकूला उपभोक्ता फोरम ने रिलायंस रिटेल के स्मार्ट प्वाइंट स्टोर पर बड़ा जुर्माना लगाया है। दरअसल, एक ग्राहक ने 500 ग्राम का बादाम पैकेट खरीदा, लेकिन उसमें वजन सिर्फ 350 ग्राम ही निकला।
शिकायत करने पर कर्मचारियों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि मजाक भी उड़ाया। करीब तीन साल तक चली सुनवाई के बाद फोरम ने स्टोर पर 1 लाख 10 हजार 500 रुपये का जुर्माना ठोका है।
स्टोर को निर्देश दिया गया है कि आगे से पैक्ड और अनपैक्ड सामान का बिलिंग से पहले वजन जरूर किया जाए।
ग्राहक को मानसिक कष्ट और मुकदमेबाजी खर्च के लिए भी 10 हजार रुपये से ज्यादा की राशि देने का आदेश दिया गया है। फोरम ने साफ कहा है कि ग्राहकों को गुमराह करने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पंचकूला की अदालत ने 2020 में हुई नाबालिग छात्रा आत्महत्या मामले में आरोपी देशराज को दोषी करार दिया है। अदालत ने उसे 20 साल की कठोर कैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
17 वर्षीय छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में आरोपी पर दुष्कर्म और लगातार धमकाने के आरोप लगाए थे। अदालत ने माना कि आरोपी के शोषण और धमकियों ने नाबालिग को आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
करीब चार साल चली इस सुनवाई के दौरान कई गवाहों और सबूतों के आधार पर यह फैसला सुनाया गया। अदालत ने साफ कहा कि नाबालिग के साथ विश्वासघात और उसे आत्महत्या तक ले जाना बेहद गंभीर अपराध है।
यह फैसला समाज के लिए एक सख्त संदेश है कि ऐसे अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पड़ोसी राज्यों पंजाब और जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। दोनों राज्यों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार इस मुश्किल समय में पूरी तरह साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री भी भेजी जाएगी।
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को पत्र लिखकर भरोसा दिलाया है कि हरियाणा की जनता उनकी पीड़ा में साझेदार है।
मुख्यमंत्री राहत कोष से भेजी गई यह मदद राहत और बचाव कार्यों में सहायक होगी। सैनी ने कहा कि हम सब मिलकर इस आपदा से बाहर निकलेंगे और हरियाणा आगे भी हरसंभव सहयोग करेगा।
हरियाणा ओलंपिक संघ ने खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर सरकार से बड़ी मांग उठाई है। संघ के अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र मीनू बेनीवाल ने कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन से मुलाकात कर खेल कोटे में भर्ती के दौरान खिलाड़ियों को आयु सीमा में छूट देने का अनुरोध किया है।
ओलंपिक संघ का कहना है कि रिक्त पदों को लंबे समय से भरा नहीं गया, जिससे कई खिलाड़ी ऊपरी आयु सीमा पार कर रहे हैं और सरकारी नौकरी से वंचित हो रहे हैं।
संघ ने यह भी सिफारिश की है कि पैरा खिलाड़ियों को भी खेल कोटे में आरक्षण मिलना चाहिए। इसके अलावा पुलिस सब-इंस्पेक्टर, शारीरिक शिक्षा शिक्षक और कोचिंग पदों पर भर्ती को प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
ओलंपिक संघ का कहना है कि इन कदमों से खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा और उन्हें सरकारी सेवाओं में बराबरी का अवसर मिलेगा।
फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो ने सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मियों को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़े गए कबाड़ा गोदाम मालिक को छोड़ने के बदले पैसे मांगे थे। शिकायत मिलने पर एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही 25 हजार रुपये दिए गए, तीनों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में एक ईएएसआई और दो हवलदार शामिल हैं। सभी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
सरकार और एंटी करप्शन ब्यूरो का कहना है कि रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हरियाणा में बारिश के दौरान बिजली हादसे लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। गुरुग्राम के महावीरपुर में 19 साल के युवक की करंट लगने से मौत हो गई। वह सड़क किनारे जा रहा था, तभी दुकान के बाहर लगे बल्ब होल्डर से ग्रिल में करंट उतर आया।
इसी तरह हिसार के मिर्जापुर रोड पर 11 हजार केवी हाईटेंशन तार टूटने से बाइक सवार चाचा-भतीजा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
वहीं सिरसा में भी बारिश के दौरान करंट से तीन युवकों की मौत की खबर है।
लगातार हो रहे इन हादसों ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर बारिश के मौसम में बिजली विभाग कितनी तैयार है। फिलहाल, पुलिस ने मामलों को हादसा मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम नगर निगम ने शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को देखते हुए एक अहम कदम उठाया है। निगम अगले एक साल में 24 हजार कुत्तों का टीकाकरण और बंध्याकरण करने जा रहा है।
इसके लिए चार एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिन्हें हर महीने दो हजार कुत्तों का टीकाकरण और बंध्याकरण करना होगा। यह काम तीन साल तक चलेगा और इस दौरान कुल 72 हजार कुत्तों का इलाज होगा।
गुरुग्राम में फिलहाल 50 हजार से ज्यादा आवारा कुत्ते हैं और हर महीने करीब ढाई से तीन हजार लोग इनके काटने से घायल होते हैं। निगम को उम्मीद है कि इस अभियान से लोगों को राहत मिलेगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह कदम और भी अहम माना जा रहा है। अक्टूबर से एजेंसियां काम शुरू कर देंगी।
हरियाणा के कई जिलों में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। सिरसा में घग्गर नदी खतरे के निशान से आठ हजार क्यूसेक ऊपर बह रही है, जिससे हज़ारों एकड़ जमीन जलमग्न हो गई और कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं। यमुना नदी भी उफान पर है, तटबंधों पर लोग डेरा डाले हुए हैं।
हिसार में घग्गर ड्रेन दो जगह टूट गई, जिससे गांवों में पानी घुस गया और लोगों को पलायन करना पड़ा। कई खेतों में खड़ी फसल भी तबाह हो गई है।
इधर, हिसार और बरवाला के स्वास्थ्य केंद्रों में जलभराव हो गया, जिन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा। वहीं 20 से ज़्यादा गांवों में बिजली गुल है और ग्रामीण अंधेरे में परेशान हैं।
प्रशासन का कहना है कि राहत-बचाव कार्य जारी हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद हालात पर नज़र रखे हुए हैं और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कुरुक्षेत्र के श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में स्नेकमैन सतीश फफड़ाना ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि भारत में हर साल करीब 58 हजार लोगों की मौत सांप के काटने से होती है।
लेकिन अगर समय पर इलाज मिल जाए तो इनमें से 98 प्रतिशत जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने साफ कहा कि झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें, बल्कि तुरंत अस्पताल पहुंचें और एंटी स्नेक वेनम लगवाएं।
सतीश फफड़ाना ने जानकारी दी कि देश में 272 प्रजाति के सांप पाए जाते हैं, लेकिन इनमें से ज्यादातर जहरीले नहीं होते। उन्होंने लोगों को घर में सांप घुसने की स्थिति और काटने पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में प्रोफेसरों ने कहा कि इस तरह की जागरूकता मुहिम बेहद जरूरी है, ताकि अनजाने में कीमती जानें न जाएं।
हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किसानों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू करने, खाद वितरण पोर्टल बंद करने और फिजी वायरस से प्रभावित फसलों के लिए मुआवजे की मांग रखी।
किसानों ने करीब दो घंटे तक सड़क पर डटे रहकर विरोध जताया और आखिरकार उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया कि 9 सितंबर को उनकी सरकार से बातचीत होगी।
किसान नेताओं का कहना है कि सरकार उनकी अनदेखी कर रही है, जबकि बारिश और फिजी वायरस से फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। साथ ही पराली प्रबंधन की राशि 1000 से बढ़ाकर 5000 रुपये करने और मंडियों में कंप्यूटर कांटे लगाने की भी मांग उठाई गई है।
भारत में चिप युग का आगाज हो गया है। सेमीकॉन इंडिया 2025 के मौके पर आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत में बनी पहली चिप विक्रम 32 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपी।
अब भारत में चिप का कमर्शियल उत्पादन शुरू होगा, जिसका इस्तेमाल कार, फ्रिज और टीवी जैसे उपकरणों में किया जाएगा। पीएम मोदी ने इसे डिजिटल हीरा बताते हुए कहा कि पहले दुनिया का भाग्य तेल से तय होता था, अब चिप से होगा।
गुजरात के सानंद में बनी विक्रम 32 चिप का इस्तेमाल रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी किया जाएगा। इस समय देश में 10 बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जिनमें 1.6 लाख करोड़ का निवेश हो चुका है।
सेमीकॉन इंडिया में 48 देशों की 350 कंपनियों ने भाग लिया और भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में निवेश की इच्छा जताई। पीएम मोदी ने कहा—भारत अब एक सेमीकंडक्टर राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?