01 September 2025 Haryana News || हरियाणा की ताजा खबरें || Haryana Live News || Saugat News Haryana
01 September 2025 की हरियाणा कि महत्वपूर्ण खबरें सौगात न्यूज़ पर , सौगात न्यूज़ सबसे पहले
सौगात न्यूज़ हरियाणा में आपका स्वागत है!
आज के समाचार बुलेटिन में हम 01 सितम्बर 2025 की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं को कवर करते हैं।
हरियाणा में भारी बारिश से हालात गंभीर हैं। पंजाब में बाढ़ के बाद अब हरियाणा के कई जिलों में खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दुबई दौरा रद्द कर दिया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। कई जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। किसानों को भारी नुकसान हुआ है, कई जगह सड़कों पर पानी भर गया है और मकान गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि सरकार हालात पर पूरी तरह नजर रखे हुए है और स्थिति नियंत्रण में है।
हरियाणा सरकार ने शहीद जवानों को सम्मान देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के 75 सरकारी स्कूलों का नामकरण जांबाज सैनिकों के नाम पर किया जाएगा।
यह पहल 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले राज्यव्यापी सेवा पखवाड़े का हिस्सा है। शिक्षा विभाग और सैनिक कल्याण बोर्ड मिलकर स्कूलों की सूची तैयार करेंगे।
इस दौरान पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही 75 आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण और 75 पर्यटन स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी हर रोज मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शहीदों के प्रति सम्मान जताना और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
हरियाणा सरकार ने अनुबंधित कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने का फैसला किया है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत काम कर रहे करीब 1.20 लाख कर्मचारियों के वेतन में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
यह बढ़ोतरी 1 जुलाई से लागू होगी, जिससे कर्मचारियों को हर महीने 900 से 1200 रुपये तक का फायदा मिलेगा।
इससे पहले जून में भी 1 जनवरी से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। अब अनुभव के आधार पर कर्मचारियों को 10 से 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त बढ़ोतरी का लाभ भी मिलेगा।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें सीधा आर्थिक सहारा मिलेगा।
हरियाणा में लगातार बारिश से नदियाँ उफान पर हैं। अंबाला की टांगरी और यमुनानगर की सोम नदी ने तबाही मचा दी है। अंबाला की कई कॉलोनियों में पानी घुस गया है, जिसके बाद लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं।
टांगरी नदी के किनारे का तटबंध टूटने से हालात और बिगड़ गए हैं। वहीं सोम नदी का तटबंध टूटने से 300 एकड़ से ज्यादा खेत पानी में डूब गए।
उधर हथनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं। करीब 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो अगले दो दिन में दिल्ली तक पहुंच सकता है।
कई जिलों में धान और गन्ने की फसल जलमग्न हो चुकी है। प्रशासन अलर्ट पर है और प्रभावित इलाकों में कंट्रोल रूम और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।
हरियाणा के पानीपत में डेंगू से एक साल की बच्ची की मौत हो गई है। बच्ची मूल रूप से शामली की रहने वाली थी और पिछले दो दिनों से निजी अस्पताल में भर्ती थी। हालत बिगड़ने पर उसे नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की प्लेटलेट्स बेहद कम हो गई थीं और वह बेहोशी की हालत में थी। मौत की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
पानीपत स्वास्थ्य विभाग ने शामली प्रशासन को अलर्ट कर दिया है और बच्ची के मोहल्ले में ब्लड स्लाइड बनाकर डेंगू के मरीजों की जांच शुरू कर दी गई है।
डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची की हालत गंभीर थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पानीपत में ट्रैक्टर चालक के अपहरण और हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इसराना थाना पुलिस ने दूसरे आरोपी धर्मबीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
धर्मबीर ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने पहले से गिरफ्तार विकास उर्फ विक्कू के साथ मिलकर यह वारदात की थी। दरअसल, शिकायतकर्ता अमित का कहना है कि विकास के भाई पर उनके पैसे बकाया थे। इसी पुराने वित्तीय विवाद के चलते आरोपी ने अमित के पिता सतीश का अपहरण कर मारपीट की।
पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपियों पर शिकंजा कसा है और आगे की जांच जारी है।
फरीदाबाद में सात महीने पहले हुई हत्या का खुलासा हो गया है। मामला शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच हुए झगड़े से जुड़ा है। तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही चौथे साथी दिनेश की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ताजुपुर के जंगल में फेंक दिया था।
शव की पहचान न हो सके, इसके लिए सिर भी कुचल दिया गया था। बाद में डीएनए टेस्ट के जरिए मृतक की पहचान की गई।
क्राइम ब्रांच ने जांच करते हुए करीब 70 लोगों से पूछताछ की और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई। हिरासत में लेने पर तीनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
फिलहाल दो आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद जिले में अब बार-बार होने वाली बिजली कटौती से लोगों को राहत मिलने वाली है। बिजली विभाग ने सभी ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का फैसला किया है।
जिले में कुल 20 हज़ार से ज्यादा ट्रांसफार्मर हैं, जिनमें से कई ओवरलोड हैं। इस वजह से अक्सर फ्यूज उड़ने और बिजली गुल होने की शिकायतें आती रहती हैं।
बिजली मंत्री अनिल विज के आदेश पर विभाग ने इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता स्वीकृत लोड से ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए लोगों से अपील है कि वे अपना लोड स्वीकृत करवा लें।
विभाग का दावा है कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ने के बाद जिले में बिजली आपूर्ति और सुचारू हो जाएगी, जिससे कटौती की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
फरीदाबाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि उनकी मर्जी के बिना जमीन का अधिग्रहण नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अगर कोई किसान एक एकड़ जमीन सरकार को देता है, तो उसे उसी सेक्टर में 1200 गज का प्लॉट मिलेगा—जिसमें 1000 गज रिहायशी और 200 गज वाणिज्यिक जमीन शामिल होगी।
सरकार नए सेक्टरों के विकास के लिए कई गांवों को चिन्हित कर रही है, लेकिन किसानों की सहमति अनिवार्य होगी। मंत्री ने साफ किया कि अब जबरन अधिग्रहण का जमाना खत्म हो चुका है। किसान चाहे तो अपनी जमीन ऑफर कर सकते हैं, वरना जमीन उनके पास सुरक्षित रहेगी।
यह आश्वासन तिगांव विधानसभा क्षेत्र के किसानों के साथ बैठक के दौरान दिया गया।
फरीदाबाद में यमुना नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है। ओखला बैराज से ज्यादा पानी छोड़े जाने के बाद बसंतपुर और आसपास के गांवों में खेतों और घरों में पानी भर गया है।
प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को नदी किनारे से दूर रहने की हिदायत दी है। खासकर ददसिया, लालपुर, अलीपुर और शाहजहांपुर जैसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्थिति इसलिए और गंभीर हो गई है क्योंकि बसंतपुर की अवैध कॉलोनियों में पानी घुस गया है, जिससे सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं।
प्रशासनिक टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जा रहा है। सिंचाई विभाग का कहना है कि जलस्तर बढ़ना चिंता की बात है, लेकिन स्थिति पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
हरियाणा के फतेहाबाद में पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति बिरजू को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता रेखा ने बताया कि 15 अगस्त को खाना बनाते समय पति ने शराब के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उसने लकड़ी के बिंडे से कई वार किए।
गंभीर हालत में महिला को पहले फतेहाबाद अस्पताल और फिर अग्रोहा रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके शरीर पर 16 चोटें पाई।
घटना के वक्त शोर सुनकर बेटा और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस ने उसे काबू कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
गुरुग्राम में 60 वर्षीय बुजुर्ग को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दो महिलाओं ने पहले दोस्ती की और फिर उन्हें संबंध बनाने के लिए उकसाया। इसके बाद दुष्कर्म का आरोप लगाकर 10 लाख रुपये की मांग की गई।
गिरोह में एक वकील भी शामिल था, जिसने रुपये न देने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी। पीड़ित ने पूरे मामले की रिकॉर्डिंग कर सबूत जुटाए और पुलिस को सौंपे।
जांच के बाद पुलिस ने वकील कुलदीप मलिक समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह हरियाणा के कई जिलों में सक्रिय था।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
गुरुग्राम एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद रोहित गोदारा गैंग के इनामी शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। यह बदमाश महेंद्रगढ़ जिले का रहने वाला था और उस पर राजस्थान पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
बालियावास के पास एसटीएफ ने नाकेबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। बदमाश को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
पकड़ा गया आरोपी कई सालों से रोहित गोदारा गैंग के लिए काम कर रहा था और राजस्थान, हरियाणा समेत कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अब उससे उसके गैंग के नेटवर्क और साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
हरियाणा सरकार ने जेलों में बंद कैदियों के भविष्य को सँवारने की बड़ी पहल की है। प्रदेश की पाँच जेलों में अब बंदियों को 12 नए स्किल डेवलपमेंट कोर्स करने का मौका मिलेगा।
गुरुग्राम की भोंडसी जेल में तो कंप्यूटर इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किया जा रहा है, जिसके लिए 29 कैदियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा प्लंबर, वेल्डिंग और कंप्यूटर एप्लिकेशन जैसे कोर्स में भी बंदियों ने दाखिला लिया है।
कारागार मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भोंडसी जेल का निरीक्षण किया और कहा कि सजा पूरी करने के बाद बंदियों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना ही सरकार का उद्देश्य है।
उन्होंने जेल अधीक्षक को यह भी निर्देश दिए कि कैदियों द्वारा बनाए गए लकड़ी के सामान की कैटलॉग प्रकाशित कराई जाए, ताकि उनका हुनर बाहर की दुनिया तक पहुँच सके।
हिसार के नारनौंद स्थित डाटा स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। 23 वर्षीय महिला की मौत अत्यधिक रक्तस्राव से हुई।
मृतका के पति ने अस्पताल स्टाफ और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय रहते मरीज को रेफर नहीं किया गया, बल्कि बच्चेदानी पर कट लगाया गया जिससे रक्तस्राव और बढ़ गया।
स्थिति बिगड़ने के बाद महिला को देर रात अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
हरियाणा के हिसार जिले के कुंभाखेड़ा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पिछले 30 दिनों से बिजली सप्लाई ठप है। यहां पढ़ने वाली करीब 75 छात्राएं अंधेरे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
स्थिति इतनी खराब है कि स्कूल परिसर में सांप निकलने लगे हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है। गांव के सरपंच ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
छात्रावास की सुविधा भी अभी शुरू नहीं हो पाई है, जिसके कारण बच्चियां पूरी तरह स्कूल की सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रही हैं।
हालांकि बिजली निगम का कहना है कि रविवार से सप्लाई बहाल कर दी जाएगी और किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश में बाढ़ की स्थिति के लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि मौसम विभाग ने भारी बारिश की पहले ही चेतावनी दे दी थी, लेकिन सरकार ने कोई तैयारी नहीं की।
उन्होंने आरोप लगाया कि मानसून से पहले नहरों और नालों की सफाई तक नहीं कराई गई, जिसका खामियाजा आज जनता भुगत रही है। सैलजा ने सिरसा और आसपास के प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा भी लिया।
उनका कहना है कि सरकार सिर्फ दावे कर रही है, जबकि राहत कार्यों में देरी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों और ग्रामीणों को किसी बड़ी अनहोनी से बचाया जा सके।
सिरसा के ओढ़ा इलाके के गांव रोहिड़ांवाली में बीती रात एक मकान की छत अचानक गिर गई। हादसे में एक महिला और उसकी दो बेटियां मलबे में दब गईं।
पड़ोसियों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बड़ी बेटी की मौत हो चुकी थी। महिला और दूसरी बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों खतरे से बाहर हैं।
बताया जा रहा है कि छत काफी पुरानी थी और लगातार बारिश से कमजोर हो गई थी। इसी कारण यह हादसा हुआ। मृतका का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में कर दिया गया।
यमुनानगर में एक युवक से विदेश भेजने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित कर्मचंद ने शिकायत में बताया कि सुमित वर्मा नाम के व्यक्ति ने खुद को विदेश भेजने वाला एजेंट बताया और पांच लाख रुपये व जरूरी दस्तावेज ले लिए।
लेकिन न तो वीजा लगवाया गया और न ही विदेश भेजा गया। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने धमकी देना शुरू कर दिया।
थाना छप्पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
यमुनानगर के गांव फेरूवाला में शराब पीने के दौरान हुई लड़ाई ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां 32 वर्षीय मनोज कुमार की चार युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने गांव के ही सुमित, रजत, राकेश और निक्की पर केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।
परिजनों का आरोप है कि रंजिश के चलते मनोज की हत्या की गई। उसकी एक्टिवा और खून से सनी लाश रामखेड़ी अड्डा के पास खेतों में मिली। पास से डंडे भी बरामद हुए हैं जिनसे वार किया गया था।
डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम हो चुका है और आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
रोहतक जिले के खैरडी गांव में अज्ञात चोर 16 भैंसें चोरी कर ले गए। इनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
दरअसल, पशुपालकों ने मच्छरों से बचाने के लिए भैंसों को रात में तालाब में छोड़ा था। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि चोर रात करीब 1 बजकर 19 मिनट पर भैंसों को दादरी जिले की ओर ले जा रहे थे। उनके पीछे एक गाड़ी और बाइक भी दिखाई दी। गांव वालों का कहना है कि पहले भी इलाके में भैंस चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोहतक के पाड़ा मोहल्ला में 12 साल की बच्ची नैन्सी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, जिसमें आत्महत्या की ही पुष्टि हुई है।
नैन्सी ने पांचवी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और घर पर अपनी मां के साथ रहती थी। परिवार का कहना है कि वह इंस्टाग्राम काफी चलाती थी और पढ़ाई में उसका मन नहीं लगता था।
घटना के समय नैन्सी की मां ड्यूटी से लौटी थीं। छोटे बेटे ने कमरे की ओर बुलाया, जहां मां ने देखा कि नैन्सी फंदे से लटकी हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेवाड़ी जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। औसतन हर दिन 5 से 6 नए मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के दौरान 1916 घरों में डेंगू का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किए हैं।
सबसे ज्यादा मामले रेवाड़ी अर्बन इलाके में मिले हैं। इसके अलावा बावल, खोल और मीरपुर में भी मरीज बढ़ रहे हैं। जिले में अब तक 115 लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 34 मरीजों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी की जान नहीं गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों में साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और कूलर-टंकियों की नियमित सफाई करें। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर डेंगू से बचाव संभव है।
नूंह के कोटा खंडेवला अरावली क्षेत्र में 10 फीट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यह अजगर शुक्रवार रात एक फार्म हाउस में घुस आया और वहां पाली जा रही सात मुर्गियों का शिकार कर लिया।
सुबह कर्मचारियों ने अजगर को देखा तो तुरंत वन्य जीव विभाग को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर अरावली के संरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने बताया कि अजगर पूरी तरह स्वस्थ है और अक्सर भोजन की तलाश में जंगल से बाहर निकल आते हैं। लोगों से अपील की गई है कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं, तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
मेवात के पुन्हाना इलाके के 110 गांवों में पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है। वजह है यमुना नदी में आई बाढ़, जिसके चलते महोली गांव के पास बने बोर पानी में डूब गए हैं और कनेक्शन टूट गया है।
हालात ऐसे हैं कि लोगों को अब टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। कई जगह महिलाओं को सिर पर पानी ढोना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या और जेब दोनों पर असर पड़ रहा है।
बाढ़ से पहले महोली से रोज़ाना 20 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन फिलहाल जल स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यमुना का जलस्तर कम होने तक सप्लाई बहाल नहीं हो पाएगी। तब तक लोगों को टैंकरों पर ही निर्भर रहना होगा।
महेंद्रगढ़ जिले की आठ गोशालाओं को हरियाणा गौ सेवा आयोग की ओर से 1 करोड़ 16 लाख रुपये का अनुदान मिला है। यह राशि मंडी अटेली में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चेक के रूप में वितरित की गई।
इस अनुदान से गोशालाओं में गोवंश की देखभाल, चारा-पानी और शेड निर्माण की सुविधाएं बेहतर होंगी। गोशाला प्रबंधकों ने मंत्री आरती राव के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस सहयोग से पशुपालन और गौ संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता पर की गई टिप्पणी के लिए राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
सीएम सैनी ने कहा कि बिहार की वही पवित्र धरा, जहां सीता माता का जन्म हुआ और भगवान बुद्ध ने मानवता का संदेश दिया, वहीं ऐसी टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि भारत की तरक्की विपक्ष को रास नहीं आ रही, इसलिए वे इस तरह की बातें कर रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में स्वच्छता अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा खिलाड़ियों को सबसे अधिक पुरस्कार देने वाला राज्य है और सरकार ने अब तक खिलाड़ियों को 593 करोड़ रुपये के इनाम दिए हैं।
करनाल में राज्य स्तरीय रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा—अगर हुड्डा जी बेरोजगार हो गए हैं, तो मैं उन्हें रोजगार दिलवाने को तैयार हूं।
मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार प्रदेश की कानून-व्यवस्था और घोटालों की बात करते हैं, लेकिन असल में उनके पास करने को कोई काम नहीं है।
रोजगार मेले में उन्होंने जानकारी दी कि हरियाणा से युवाओं को सही तरीके से विदेश भेजा जा रहा है। अब तक 200 युवाओं को इजरायल भेजा जा चुका है और अमेरिका में 500 पशु चिकित्सकों की मांग भी आई है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रही है और युवाओं को मुद्रा योजना जैसी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
कैथल में युवती के अपहरण और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे दो बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए हैं। हरियाणा एसडीयू की टीम ने मेरठ से दोनों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई तब हुई जब टीम सिविल ड्रेस में मेरठ कोर्ट के बाहर पहुंची। जैसे ही आरोपी बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। लेकिन वहां करीब 100 लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। एक बार तो बदमाश भीड़ की मदद से छूट गए, लेकिन एसडीयू ने पीछा कर दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों में सुखदेव उर्फ सुक्खा और मंजीत शामिल हैं, जिन पर हत्या और हथियारों के कई मामले दर्ज हैं। दोनों को कैथल लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
सरकार ने साफ किया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
कैथल के मालखेड़ी गांव के रहने वाले 28 साल के युवक विक्रम ने लाइव वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ पी लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक ने मरने से पहले दो वीडियो बनाई थी, जिसमें एक महिला समेत तीन लोगों पर ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विक्रम दो बच्चों का पिता था और कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। परिवार का कहना है कि वह पिछले एक महीने से डिप्रेशन में था और लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान था।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जींद में हुए ऋषि लोहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी रोहित को सीआईए ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया, जब वह विदेश भागने की कोशिश कर रहा था।
बता दें कि ऋषि लोहान की हत्या 6 जुलाई को जींद-रोहतक नेशनल हाईवे पर की गई थी। इस दौरान उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। ऋषि के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
इस केस में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को पकड़ चुकी है। अब मुख्य आरोपी रोहित से पूछताछ की जा रही है, जिससे हत्याकांड की साजिश और बाकी आरोपियों से जुड़े राज खुलने की उम्मीद है।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?